मूल्य परक पत्रकारिता वर्तमान समय में गम्भीर चुनौती : मुनेश्वर मिश्र

- साहित्य की सर्वाधिक महत्वपूर्ण विधा है पत्रकारिता : डॉ बीपी उपाध्याय

- अक्टूबर में होगा पत्रकार महासंघ का राष्ट्रीय महाधिवेशन

प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स.)। वर्तमान समय में मूल्य परक पत्रकारिता करना एक गम्भीर चुनौती है। जिसे हम सभी को स्वीकार करना चाहिए। इस जगत में व्यापक सम्भावनाएं हैं और नई पीढ़ी के आगे आने से अनेक नवीन परिवर्तन भी दिखाई दे रहे हैं। उक्त विचार वरिष्ठ पत्रकार एवं भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर मिश्र ने बुधवार को सिविल लाइन में पत्रकार महासंघ के नये कार्यालय का उद्घाटन करने के उपरान्त व्यक्त किया।

उन्होंने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पत्रकार महासंघ के सभी साथियों को पूरी ईमानदारी के साथ लोक कल्याणकारी पत्रकारिता की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि आगामी अक्टूबर माह के अंत में संगमनगरी में भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ का एक राष्ट्रीय महाधिवेशन कराया जाएगा। जिसमें देश-विदेश के अनेक वरिष्ठ पत्रकारों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने अति शीघ्र आयोजन समिति बनाने की भी घोषणा की।

महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक डॉ भगवान प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि साहित्य की सर्वाधिक महत्वपूर्ण विधा है पत्रकारिता। जिसमें स्वयं को सर्वज्ञ मान लेना सबसे बड़ा दोष माना जाता है। यह जीवन पर्यन्त सीखने और सिखाने की विधा है। इसमें कभी भी कोई सम्पूर्ण नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि महासंघ शीघ्र ही पत्रकारिता प्रशिक्षण प्रकोष्ठ सक्रिय करने जा रहा है। जिसके तत्वावधान में देश के विभिन्न स्थानों पर पत्रकारिता प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे और छोटी इकाइयों में जुड़े संगठन के साथियों को सार्थक पत्रकारिता की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

राष्ट्रीय महासचिव योगेंद्र कुमार मिश्रा ‘विश्वबंधु’ ने कार्यालय की सज्जा के लिए अनुदान देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने अन्य पदाधिकारियों से भी आग्रह किया कि वह इस दिशा में सकारात्मक पहल करें। साहित्य प्रकोष्ठ प्रभारी उत्तर प्रदेश डॉ राम लखन चौरसिया वागीश ने कहा कि महासंघ की मासिक पत्रिका एवं दैनिक समाचार पत्र के लिए भी हम सभी को तत्पर होकर हरसम्भव सहयोग करना चाहिए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रमाकांत त्रिपाठी, मुख्य महासचिव राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, महानगर संरक्षक डॉ अरुण कुमार बंका, महानगर अध्यक्ष विकास केलकर आदि उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पवनेश कुमार पवन ने सभी का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/मोहित/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर