निर्माणाधीन इमारत की दीवार के नीचे दबकर दो श्रमिकों की मौत

नवग्राम: निर्माणाधीन इमारत की दीवार के नीचे दबकर दो श्रमिकों की मौत

हुगली, 11 अप्रैल (हि.स.)। हुगली जिले में उत्तरपाड़ा थाना अंतर्गत नवग्राम ग्राम पंचायत के नवचक्र इलाके में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर दो श्रमिकों की मौत हो गई।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, गुरुवार सुबह तकरीबन 9:30 बजे श्रमिक निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे थे तभी पास की दीवार उनके ऊपर गिर गई जिसके नीचे दबकर दो श्रमिकों की मौत हो गई। इस घटना में कई श्रमिक घायल भी बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का दावा है कि एक श्रमिक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दूसरे श्रमिक की मौत उत्तरपाड़ा में इलाज के दौरान हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृत श्रमिकों के नाम श्यामल दास (48) और सोना शील (38) थे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले तकरीबन एक महीने से मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान के निर्माण के लिए उसकी नींव खोदी जा चुकी थी। गुरुवार सुबह जब श्रमिक काम में जुटे थे। तभी अचानक दीवार ढह गई। घटना के बाद घटनास्थल पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भी पहुंचे और उन्होंने मृतकों को के प्रति अपने संवेदना व्यक्त की।

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि जहां मकान का निर्माण हो रहा था उस प्रांगण में एक आम का विशाल पेड़ था जिसे बुधवार को ही काटा गया था। इस पेड़ के काटे जाने के बाद पास की दीवार काफी कमजोर हो गई थी जो गुरुवार को ढह गई जिसमें दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी।

कुछ स्थानीय लोग इसे अवैध निर्माण भी बता रहे हैं जबकि स्थानीय लोगों में कुछ ऐसे भी लोग हैं जो इसे सिर्फ एक दुर्घटना बता रहे हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर थी। मामले की जांच जारी थी। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर