खूंटी में सौहार्दपूर्ण वातावरण मनायी गयी ईद, मांगी गयी अमन-चैन की दुआ

खूंटी, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुस्लिमों के सबसे प्रमुख त्योहार ईद उल फितर गुरुवार को जिला मुख्यालय खूंटी सहित आसपास के क्षेत्रों में सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कर्रा रोड स्थित शहर की प्रमुख जामा मस्जिद और जन्नत नगर स्थित मदीना मस्जिद में सुबह दो-दो पालियों में, जबकि पाशा कॉलोनी की जोहरा मस्जिद में सुबह एक पाली में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। ईद की विशेष नमाज के दौरान नमाजियों ने अल्लाह ताला से खूंटी सहित राज्य और देश में अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगी।

नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद सभी नमाजी महादेव मंडा के समीप स्थित कब्रिस्तान में जाकर अपने पुरखों की कब्र पर फातिहा पढ़ा। ईद के अवसर पर शहर की तीनों मस्जिदों सहित मुस्लिम बहुल मुहल्लों में रंग बिरंगी फूलझड़ियों के साथ ही सुंदर विद्युत सज्जा की गई थी। कई जगहों पर स्टॉल लगाकर लोगों को ईद की सेवइयां खिलाई गई।

त्योहार को लेकर मुस्लिम धर्मावलंबियों में काफी उत्साह का माहौल रहा। विशेषकर बच्चों में त्योहार को लेकर खासा उल्लास देखा गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सुसज्जित बच्चे त्योहार की खुशियों में सराबोर नजर आए। सुबह में नमाज एवं अन्य धार्मिक आयोजन के बाद खाने-पीने का दौर शुरू हुआ, जो रात तक जारी रहा।

दूसरी ओर त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर सरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। जगह-जगह पर दंडाधिकारियों के साथ पुुलिस बल को तैनात किया गया था। जिला मुूख्यालय के अलावा, तोरपा, कर्रा, मुरहू, बिरदा, गोविंदपुर, लोधमा, तपकारा, रोड़ो, तिकी, कोचा, सोदे सहित अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में ईद उल्लासपूण वातावरण में मनाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर