आज भी यही दिख रहा है-एमपी के मन में मोदी है: जेपी नड्डा

सीधी, 12 अप्रैल (हि.स.)। मैं पहले भी मध्यप्रदेश और सीधी आ चुका हूं। उस समय यह दिखाई दे रहा था कि एमपी के मन में मोदी है और मोदी के मन में एमपी है। यही बात मुझे आज भी दिखाई दे रही है। मोदी ने पिछले 10 सालों में राजनीति की परिभाषा बदल डाली है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीधी में पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कही। जेपी नड्डा आज प्रदेश के सीधी और छिंदवाड़ा के दौरे पर हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार सुबह 11:40 बजे हेलिकॉप्टर से सीधी पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग से सभास्थल तक गए। भाजपा अध्यक्ष आज दोपहर 2 बजे छिंदवाड़ा के दशहरा मैदान में भी सभा करेंगे। छिंदवाड़ा में कांग्रेस के नकुलनाथ और भाजपा के विवेक बंटी साहू चुनाव मैदान में आमने-सामने हैं, जबकि सीधी में पार्टी ने डॉ. राजेश मिश्रा को लोकसभा प्रत्याशी बनाया है।

सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि मोदी जी ने पिछले 10 सालों में राजनीति के मायने बदल दिए हैं। अब वोट बैंक और लोगों को गुमराह करने की राजनीति देश में नहीं चलेगी। लोगों को बांटने की राजनीति नहीं चलेगी। अब सिर्फ विकास की राजनीति होगी। अपना काम बताओ क्या काम किया है। पहले लोगों को बांटकर राजनीति की जाती थी। नदी के इस पार और उस पार के लोगों को बांटकर राजनीति की जाती थी।

उन्होंने कहा कि देश में 10 साल पहले गणेशजी की प्रतिमा भी चाइना से आती थी। ये जो गणेशजी आप दिवाली पर लाकर पूजा करते हैं, वो अब भारत में बनते हैं। आज भारत खिलौनों के एक्सपोर्ट में ढाई गुना वृद्धि कर गया है। भारत 11वें नंबर से 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया। पहले आपके पास मेड इन चाइना मोबाइल होता था। अब मेड इन इंडिया है। हमारा ऑटोमोबाइल और पेट्रो केमिकल का एक्सपोर्ट बढ़ गया। मोदी जी ने हर दृष्टि से विकास को आगे बढ़ाया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर