दिव्यांगों को बेहतर वातावरण और अवसर प्रदान करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी: जीतू जिराती

भोपाल, 17 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश में दिव्यांगजन के लिए बेहतर वातावरण निर्माण कर उन्हें अवसर प्रदान करना शासन व समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। दिव्यांगजन समाज के अभिन्न अंग हैं। वर्ष 2023 में दिव्यांगजन कल्याण के क्षेत्र में चलाई जा रही जनहितैषी योजनाओं के कारण ही प्रदेश को दिव्यांगजन सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार मिला है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने बुधवार को मध्यप्रदेश में पुरस्कार दिए जाने पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कही।

जीतू जिराती ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के चुनिंदा राज्यों में से है जिनमें सामाजिक न्याय और दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। दिव्यांगजनों में प्रतिभा की कमी नहीं है आवश्यकता है उनको उचित अवसर मुहैया कराने की। दिव्यांगजनों प्रतिभा को आगे लाने के लिए समाज की भागीदारी अति आवश्यक है।

जीतू जिराती ने कहा कि प्रदेश में देश के पहले दिव्यांगजन खेल परिसर का निर्माण ग्वालियर में किया गया है, यह भी विभाग की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रसन्नता की बात है कि दिव्यांगजनों को स्व-रोजगार से जोड़ने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास राज्य सरकार की ओर से लगातार किये जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर