मतदान के लिए जागरुकता के लिए निकाली सद्भावना यात्रा

हरिद्वार,12 अप्रैल (हि.स.)। भारतवर्ष प्रेम और सद्भावना का एक ऐसा गुलदस्ता है, जिसमें सभी धर्मों के फूलों की खुशबू सदियों से महकती चली आ रही है। यह उदगार वानप्रस्थ जनजागृति समिति के अध्यक्ष कर्नल एमपी शर्मा ने मोहल्ला सोत में ईद मिलन सद्भावना मिलन में व्यक्त किए।

कर्नल शर्मा ने ईदगाह चौक से जामा मस्जिद सोत तक शांतिकुंज, जमाते इस्लामी हिन्द और उत्तराखंड नागरिक सम्मान समिति के सहयोग से तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें राष्ट्र हित सर्वोपरि, हिन्दू-मुस्लिम एकता जिंदाबाद, भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद, सभी धर्मों का सम्मान करो जैसे नारे बोलते हुए आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इस मौके पर मतदान में भाग लेने, नशा मुक्ति, अशिक्षा को दूर करना आपसी प्रेम जैसे विषयों पर वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे।

वानप्रस्थ जनजागृति समिति के जय कुमार शर्मा (सचिव), बंगाल सिंह (संगठन सचिव), विनोद मिश्रा, डॉ. गोपाल कृष्ण, चंद्रपाल त्यागी, अरविंद गर्ग, डॉ. ताहिर हसन, उमेश शर्मा, अताउर रहमान अंसारी, पीयूष ठाकुर, शहर काजी शकील अल्वी, व्यापारी नेता अरविंद कश्यप व प्रमोद जौहर, युवा समाज सेवी अक्षय प्रताप सिंह, इनाम खान, राजकुमार सैनी, वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सैनी और अब्दुल सत्तार आदि ने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन शायर अफजल मंगलौरी ने किया। इससे पूर्व सद्भावना यात्रा का जामा मस्जिद पहुंचने पर गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सुनील

   

सम्बंधित खबर