भाजपा प्रत्याशी सीपी जोशी ने रामनवमी पर कन्या पूजन कर लिया आशीर्वाद

जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौडगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सीपी जोशी ने बुधवार को रामनवमी के अवसर पर चित्तौडगढ़ स्थित अपने निवास पर कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन करवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा नवरात्र देवी उपासना का पर्व है, बिना कन्या पूजन के यह अधूरा है। आज देवी स्वरूप कन्याओं को भोजन करवाने का सौभाग्य मिला और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। जोशी ने पूजन के बाद चित्तौडगढ़ विधानसभा में जनसंपर्क किया।

जनसंपर्क के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि भाजपा सभी धर्मों का सम्मान करते हुए सनातन धर्म की रक्षा कर रही है। यही कारण है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में सभी प्रदेशवासी हर्ष-उल्लास और सद्भाव के साथ रामनवमी का त्योहार मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण में अंधी कांग्रेस की गहलोत सरकार ने प्रदेश में हिन्दू त्योहारों को सार्वजनिक मनाने, डीजे बजाने और भगवा झंडों पर रोक लगाने का काम किया था, वहीं पीएफआई जैसे प्रतिबंधित संगठन को रैली निकालने की इजाजत दी थी।

जोशी ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता के वोट से मिली ताकत से 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद आज ऐसा अवसर आया है जब प्रभू श्रीरामलला जन्मदिन पर टेंट में नहीं बल्कि दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान है, जनता धूमधाम से उनका जन्मदिन मना रही है।

जोशी ने कहा कि देश की मजबूती, विकास, सनातन धर्म की रक्षा और विकसित भारत के संकल्प को ओर मजबूती देने के लिए वोट कमल के निशान को ही देना है, साथ ही इसके लिए पडोसियो, मित्रों और परिजनों को भी प्रेरित करना है। फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार के संकल्प को पूरा करने में भागीदार बनना है।

विधायक चन्द्रभान आक्या ने चित्तौडगढ़ के विकास के लिए सीपी जोशी को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे वादे कर जनता को भ्रमित कर रही है चित्तौड़ की जनता विकास चाहती है, विकास सिर्फ भाजपा ही करा सकती है।

सीपी जोशी ने चित्तौडगढ़ विधानसभा क्षेत्र सावा और बस्सी मण्डल के ओछडी, सेमलिया, जालमपुरा, अरनियापंथ, शम्भूपुरा, उदपुरा, अमरपुरा, विजयपुर, केलझर, पालका, सोनगर, घोसुंडी, पाल, शादी, अभयपुर, आंवलहेड़ा, नगरी, सेमलपुरा, मानपुरा, नेतावल गढ़ पाछली, ऐराल, घटियावली और गिलुण्ड में जनसंपर्क कर जनता कर जनता का आशीर्वाद लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ इंदु/संदीप

   

सम्बंधित खबर