मप्रः मंडला में सामग्री वितरण के दौरान मतदान अधिकारी की मौत, 15 लाख रुपये अनुग्रह राशि मंजूर

- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शोक व्यक्त किया

भोपाल, 18 अप्रैल (हि.स.)। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने गुरुवार को जिला मुख्यालय मंडला में मतदान दलों की रवानगी के दौरान मतदान अधिकारी क्र.-1 मनीराम कांवरे (सहायक अध्यापक) की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

राजन ने बताया है कि भारत निर्वाचन आयोग के अनुग्रह सहायता प्रावधानों के अनुसार मृतक कांवरे की धर्मपत्नी श्यामा बाई कांवरे को 15 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि मंजूर कर दी गयी है। साथ ही सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, मंडला को मृतक के परिवार के आश्रित पात्र सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने का प्रकरण शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिये गये हैं।

दरअसल, जिला मुख्यालय मंडला में गुरुवार को मतदान दलों की रवानगी के दौरान मतदान अधिकारी क्र.-1 मनीराम कांवरे (सहायक अध्यापक) कांवरे की मतदान सामग्री लेते समय अचानक तबियत खराब होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय मंडला में भर्ती कराया गया। चिकित्सालय में गुरुवार सुबह 8:10 बजे उनका दुखद निधन हो गया। लोकसभा संसदीय क्षेत्र मंडला में प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर