मतदाता हेल्पलाइन पर मिली 7312 कॉल का समाधान किया गया

मुंबई, 20 अप्रैल (हि. स.)। भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1800221950 पर 18 अप्रैल तक 7312 कॉल प्राप्त हुईं और इन सभी का समाधान कर दिया गया है। यह जानकारी महाराष्ट्र के उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शरद दलवी ने दी।

शरद दलवी ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि इन सभी हेल्पलाइन काल में मतदाताओं ने सामान्य जानकारी, आवेदन की स्थिति, मतदाता पहचान पत्र का न मिलना, नया मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम की जांच, प्रवास के बाद पते में बदलाव, विभिन्न सुधार, नाम हटाना, मतदाता पहचान पत्र को आधार कार्ड से जोड़ना, खो जाना आदि के संबंध में जानकारी चाही थी। साथ ही मतदाता पहचान पत्र, मतदाता पहचान पत्र के साथ मोबाइल नंबर को लिंक करना आदि के संबंध में जानकारी मांगने के लिए कॉल आई हैं। प्राप्त कॉलों में से अधिकांश सामान्य जानकारी मांगने वाली थीं, ऐसी 1332 कॉलें आईं। सामान्य जानकारी, निर्वाचन क्षेत्र का संपर्क नंबर और पता, ऑनलाइन आवेदन की जानकारी हेल्पलाइन पर मांगी गईं। इसके नीचे आवेदन की स्थिति जानने के लिए 507, मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए 503, मतदाता पहचान पत्र न मिलने पर 470, नए मतदाता पंजीकरण के लिए 454 कॉल आईं। शेष फोन से विविध सूचनाएं मांगी गईं।

शरद दलवी ने बताया कि सबसे ज्यादा कॉल महाराष्ट्र के मुंबई उपनगर जिले से आईं, जिनकी कुल संख्या 1575 थी। ठाणे जिले से 991, मुंबई शहर से 520, रायगढ़ से 182 और पुणे से 163 कॉल आईं। मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1800221950 के अलावा महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के माध्यम से मतदाताओं को अपने संदेह और प्रश्न पूछने के लिए दो अतिरिक्त नंबर 022 - 22021987 और 022 - 22026442 उपलब्ध कराए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने बताया कि मतदाताओं को सूचित करने और मार्गदर्शन करने के लिए 24 घंटे व्यवस्था की गई है और संतोषजनक उत्तर दिए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/दधिबल

   

सम्बंधित खबर