हिन्दुओं के चिन्हों से कांग्रेस को हमेशा से रही है नफरतः डॉ. मोहन यादव

हिन्दुओं के चिन्हों से कांग्रेस को हमेशा से रही है नफरतः डॉ. मोहन यादव

- जो काम अंग्रेजों ने भी नहीं किया वह पाप कांग्रेस ने कियाः मुख्यमंत्री

भोपाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। हमारे देश के साधु-संत भगवा पहनते हैं। वे संस्कृति की रक्षा करते हैं। भाजपा भी हमेशा से भगवा की पक्षधर रही है। अब दूरदर्शन के लोगों में भगवा रंग हो गया तो कांग्रेस के लोग उस पर भी आपत्ति उठा रहे हैं। हिन्दुओं के चिन्हों से कांग्रेस को हमेशा से नफरत रही है। वर्षों तक देश पर राज करने वाले अंग्रेजों ने भी काम नहीं किए उन कामों को करने का पाप कांग्रेस पार्टी ने किया है। 500 साल से बाहर बैठे भगवान श्रीराम को 70 सालों तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी मंदिर में विराजमान नहीं करा सकी। हम सौभाग्यशाली हैं कि हम उस देश में रह रहे हैं, जहां गीता, गंगा और गौ माता को पूजा जाता है और उनके कारण ही दुनिया में भारत की संस्कृति जीवित है। अब उस संस्कृति एवं भारत माता की आन, शान बान को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खड़े हैं। यह चुनाव भारत को दुनिया का नंबर वन देश और मध्यप्रदेश को नंबर एक का प्रदेश बनाने के लिए है।

यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को रीवा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा के समर्थन में सेमरिया विधानसभा, सतना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के समर्थन में अमरपाटन विधानसभा, दमोह लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राहुल लोधी के समर्थन में बण्डा विधानसभा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के समर्थन में छतरपुर में आयोजित रोड शो में भी सहभागिता की एवं जनसभा को भी संबोधित किया।

कदम-कदम पर कांग्रेस ने अड़ंगे लगाए

मुख्यमंत्री ने जनसभाओं में कहा कि कांग्रेस के लोग हमारे अपने देश को लजाने का काम करते हैं और वोट मांगने सबके पास जाते हैं। ये नादान कांग्रेस के लोग थे, जिन्होंने भगवान श्रीराम के आमंत्रण को भी ठुकराया। वे अयोध्या में दर्शन करने अंदर नहीं आए। भगवान श्रीराम 500 वर्षों तक खुले आसमान के नीचे बैठे रहे, लेकिन कांग्रेस भगवान श्रीराम को मंदिर में विराजमान नहीं करा पाई। कांग्रेस को जितना हिंदू समाज और मुस्लिम समाज को परेशान करना था, कर लिया। वे भगवा का भी अपमान करते हैं। ये केवल भगवा का अपमान नहीं, यहां के देशभक्त मुसलमान को भी हिंदू-मुसलमान में लड़ाने का प्रयास करते हैं। श्रीराम मंदिर को लेकर देश में जब-जब दंगे हुए। कांग्रेस की सरकार में दंगे हुए। यदि कांग्रेस के अतीत को देखेंगे तो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय किसी ने स्थापित किया तो तत्कालीन कांग्रेस के अध्यक्ष पंडित मदन मोहन मालवीय ने स्थापित किया था। बाल गंगाधर तिलक भी कांग्रेस के अध्यक्ष रहे, उन्होंने जगह-जगह भगवान गणेशजी के लिए गणेश उत्सव की स्थापना कर दी और वर्तमान कांग्रेस तो सनातन धर्म को ही बदनाम करने में जुटी हुई है।

कांग्रेस के पास सोच और लीडरशिप दोनों का अभाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1857 की लड़ाई हिंदू-मुस्लिम दोनों ने मिलकर लड़ी, लेकिन अंग्रेजों ने फूट डालने का बीज डाला। धीरे-धीरे कांग्रेस ने अपनी गलतियों को याद करने के बजाय देश को ऐसे मुकाम पर लाकर छोड़ दिया है, जहां लीडरशिप का अभाव है, सोच का अभाव है। उन्होंने कहा कि बंद पड़ी बस को अगर चालू करना है तो समझदार लोग पीछे से धक्का लगाएंगे और ड्राइवर साहब खटर-पटर करेंगे। हो सकता है बस चालू हो जाए, लेकिन कांग्रेस की बस ऐसे खड़ी है कि जिसमें डीजल-पेट्रोल तो था। धक्का चार आगे से लगा रहे हैं और चार पीछे से। उनको समझ में नहीं आ रहा, बस चलेगी कैसे..? ये नादान की दोस्ती जी का जंजाल है।

अंग्रेज देश नहीं बांट पाए, लेकिन कांग्रेस ने बांट दिया

डॉ. यादव ने कहा कि अंग्रेजों ने इतने वर्षों तक हमारे देश पर राज किया, लेकिन वे देश नहीं बांट पाए और कांग्रेस ने जब देश आजाद हुआ तो उन्होंने देश का बंटवारा पहले ही पसंद कर लिया। देश के बंटवारे को मंजूर करना कांग्रेस का सबसे बड़ा अपराध था। बंटवारे के समय झूठ बोला गया कि चाहे सिख हो, मुस्लिम हो, जिसको भी भारत में आना होगा। हम सबका स्वागत करेंगे, लेकिन वह आश्वासन झूठा हुआ, क्योंकि सीएए का सबसे ज्यादा विरोध कांग्रेस ने किया। हमारे लिए हिंदू और मुसलमान इस देश के अंदर दोनों देशवासी हैं। हम इस भाव से देखते हैं। हम रसखान की कविताओं को भी स्मरण करते हैं और कबीर दास जी के दोहों का भी सम्मान करते हैं, लेकिन अपने देश के अंदर भगवान श्रीराम का कोई अपमान करे, यह बर्दाश्त नहीं करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा देश तो भगवान महावीरजी के जियो और जीने दो के सिद्धांतों को लेकर चलने वाला देश है। हम तो उनके सिद्धांतों को मानने वाले लोग हैं। भगवान महावीर स्वामी ने अहिंसा का सिद्धांत दिया था और हम सब इसी सिद्धांत पर देश-प्रदेश को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारी सूर्य आधारित संस्कृति है और सूर्य का अपना जो कलर है वह हमें प्रेरित करता है, इसलिए हमारे साधु-संयासी भी वस्त्र में भगवा धारण करते हैं। जैसे सूर्य सबको जीवन देता है वैसे ही भगवा वस्त्र धारण करके हमारे सन्यासी अपना जीवन जलाकर हमारी धर्म ध्वजा धारण करके सबका मार्गदर्शन करते हैं।

रोड शो में उमड़ा अपार जनसमूह

मुख्यमंत्री ने टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक के समर्थन में छतरपुर में रोड शो किया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ अपार जनसमूह उमड़ा। हर तरह माहौल भाजपामय नजर आया। दूर-दूर तक मोदी... मोदी... की आवाज गूंजती रही। रोड शो के दौरान आगे-आगे भाजपा का झंडा लिए हुए कार्यकर्ता नारे लगाते हुए चल रहे थे तो वहीं पीछे-पीछे रथ पर सवार होकर मुख्यमंत्री जनता का अभिवादन स्वीकारते हुए चल रहे थे। उन पर रास्तेभर फूलों की बारिश होती रही। लोग अपने घरों से मुख्यमंत्री के रथ पर फूल बरसाते रहे। मुख्यमंत्री ने भी जनता से आशीर्वाद मांगा और उनका अभिवादन करते हुए कहा कि वे टीकमगढ़, छतरपुर सहित संपूर्ण बुंदेलखंड के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। यहां पर विकास की गंगा बहाई जाएगी।

छतरपुर में गिरते-गिरते बचे मुख्यमंत्री भीड़ के चलते टूटा मंच

छतरपुर में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक स्वागत मंच से गिरते-गिरते बचे। उनके स्वागत के लिए भाजपा प्रत्याशी डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक और विधायक ललिता यादव के साथ कई कार्यकर्ता मंच पर पहुंच गए, जिसकी वजह से मंच हिलने लगा। तभी माइक से मुख्यमंत्री ने कहा कि मंच टूट जाएगा और कुछ ही समय बाद मंच टूट गया। इस दौरान सीएम गिरते-गिरते बचे। उन्हें बगल खड़े बीजेपी प्रत्याशी ने संभाला और मंच से नीचे लाए।

रीवा में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सहित 500 नेता-कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के समक्ष सेमरिया में आयोजित जनसभा के दौरान कांग्रेस पार्टी के रीवा जिले के पूर्व अध्यक्ष त्रियुगी नारायण शुक्ला (भगत), पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप सोहगौरा, पूर्व जनपद सदस्य व युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष दिवाकर द्विवेदी ने कांग्रेस के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के 500 नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने पार्टी में शामिल होने वालों को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। भाजपा में शामिल होने वालों में सेमरिया के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आशिफ खान, सेमरिया विधानसभा के पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामप्रसाद शुक्ला, पूर्व जिला महामंत्री पूर्णेंद्र द्विवेदी, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुजीत सोनी, ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. असलम खान, जिला प्रवक्ता, मीडिया प्रभारी अजीत मिश्रा, आईटी सेल कार्यकारी अध्यक्ष ओम कालेश्वर शुक्ला सहित 7 मंडलम अध्यक्ष, 3 ब्लॉक संगठन मंत्री, दर्जन भर से अधिक सेक्टर अध्यक्ष सहित सेमरिया विधानसभा के 500 से अधिक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर