हांसी : किसी भी अनशनकारी की मौत हुई तो धरना समिति पर दर्ज होगा मामला : एसपी
- Vijesh Sharma
- Jun 18, 2026

हांसी, 18 जून । पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार
ने कहा है कि चानौत में आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन
गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अनशन पर बैठे किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है
तो मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए धरना समिति के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या
का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
गुरुवार शाम को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार
वार्ता में एसपी विनोद कुमार ने कहा कि बुधवार देर रात पुलिस टीम सिविल प्रशासन और
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों के साथ धरनास्थल पर पहुंची थी। टीम का उद्देश्य आमरण
अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराना और उनकी चिकित्सकीय स्थिति
का आकलन करना था। उन्होंने आरोप लगाया कि धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने चिकित्सकों को
अनशनकारियों की स्वास्थ्य जांच नहीं करने दी और अनशन पर बैठे लोगों को वहां से हटा
दिया गया। जब टीम को आमरण अनशनकारी नहीं मिले तो पुलिस, चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों
के साथ वापस लौट आई।
एसपी विनोद कुमार ने धरना स्थल पर पुलिस द्वारा
मारपीट, धक्का-मुक्की या जबरन कार्रवाई किए जाने के आरोपों को पूरी तरह निराधार और
बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से की गई थी और कानून
व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अनशनकारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना
प्रशासन की जिम्मेदारी है।

