हांसी में पेट्रोल पंप सेल्समैन निकला लूट का मास्टरमाइंड, चार गिरफ्तार
- Vijesh Sharma
- Jun 23, 2026

आरोपियों से 20 हजार नकद व वारदात में प्रयुक्त
मोटरसाइकिल बरामद
हांसी, 23 जून । पुलिस चौकी शेखपुरा एवं
थाना सदर हांसी पुलिस ने लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार
किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि में से 20 हजार नकद तथा वारदात
में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
उप निरीक्षक जयसिंह ने मंगलवार को बताया कि जुलाना
निवासी जितेंद्र की शिकायत पर सोमवार को हांसी सदर थाना में लूट का मामला दर्ज किया
गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि जींद-हांसी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर ड्यूटी
के दौरान अज्ञात युवकों ने उसके साथ मारपीट कर नकदी लूट ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत
जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा तकनीकी साक्ष्यों
के विश्लेषण के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में सामने आया कि पेट्रोल
पंप पर कार्यरत सेल्समैन हांसी के श्याम नगर निवासी दीपक ने ही अपने साथियों के साथ
मिलकर लूट की पूरी साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने साथियों को
पेट्रोल पंप पर मौजूद नकदी एवं परिस्थितियों की जानकारी दी थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते
हुए आरोपी ढाणा कलां निवासी दीपक, आशीष व अमन तथा खेड़ी गगन निवासी अमन को गिरफ्तार
कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों
की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई राशि में से 20 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त
मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज
दिया गया।

