3200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क में फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के चकेरी इलाके में 24 लाख रुपये की लूट की जांच से सामने आए करीब 3200 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला नेटवर्क मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच महीने से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित फैज आलम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बुधवार को बताया कि फैज आलम, महफूज उर्फ पप्पू छुरी का बेटा है, जाे लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। पुलिस ने उसे लखनऊ स्थित केंद्रांचल पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास से दबोच लिया। आरोपित के खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
डीसीपी ने बताया कि इस पूरे मामले की कड़ियां 16 फरवरी को चकेरी क्षेत्र में हुई 24 लाख रुपये की लूट की जांच के दौरान जुड़ी थीं। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को फर्जी फर्मों और बैंक खातों के जरिए संचालित एक बड़े हवाला नेटवर्क की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि 68 बैंक खातों के माध्यम से करीब 3200 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन किया गया, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले ही महफूज उर्फ पप्पू छुरी समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच में यह भी सामने आया कि फैज आलम अपने पिता के साथ कथित हवाला कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रहा था और दोनों नेपाल भी गए थे। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच शुरू कर दी है। ईडी ने पुलिस से अब तक की विवेचना, आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों और वित्तीय लेनदेन का पूरा विवरण मांगा है।
पुलिस जांच में टेनरी संचालकों, कबाड़ कारोबारियों, स्लॉटर फर्मों और अन्य कारोबारियों की काली कमाई को फर्जी खातों के जरिए खपाने की आशंका जताई गई है। इस नेटवर्क के तार उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, गुजरात, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश तक जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य कानूनी धाराओं में भी कार्रवाई की जाएगी।---------------------

