मेदिनीपुर में दूसरे बस टर्मिनल के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम, प्रशासन ने किया संभावित स्थल निरीक्षण
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 01 जुलाई (हि. स.)। जिले के मेदिनीपुर शहर में लंबे समय से बनी यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए दूसरे बस टर्मिनल निर्माण की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को संभावित स्थानों का निरीक्षण किया गया।
जानकारी के अनुसार, शहर के बीचों-बीच स्थित केंद्रीय बस स्टैंड से लोकल और लंबी दूरी की सभी बसों का संचालन होने के कारण प्रतिदिन भारी जाम की स्थिति बनती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए वैकल्पिक बस टर्मिनल बनाने की योजना पर काम शुरू किया गया है।
निरीक्षण के दौरान डब्ल्यूबीटीआईडीसीएल (पश्चिम बंगाल परिवहन अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड) के इंजीनियरों ने संभावित स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक शंकर गुच्छैत, बीएल एंड एलआरओ विभाग के अधिकारी, नगर पालिका प्रतिनिधि तथा आरटीओ विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने शहर के हेलीपैड के पीछे स्थित दो संभावित स्थानों — जामतला मैदान और एसबीएसटीसी बस डिपो के पीछे के मैदान — का निरीक्षण किया।
मंगलवार देर शाम प्रशासनिक सूत्रों ने बताया, दोनों स्थानों का निरीक्षण करने के बाद विस्तृत सर्वे रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उसी रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निर्णय लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
योजना के अनुसार, नया बस टर्मिनल बनने के बाद लंबी दूरी की बसों का संचालन वहां से किया जाएगा, जबकि शहर के केंद्रीय बस स्टैंड से मुख्य रूप से लोकल बसें चलेंगी। इससे मेदिनीपुर शहर में यातायात जाम की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
---------------

