उमरिया : परचून से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर खाक

उमरिया, 16 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र में बरही-मानपुर मार्ग पर स्थित ग्राम पनपथा के पास रविवार सोमवार की दरमियानी रात एक परचून लोड ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि चालक सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार, सीधी जिले की अभय ट्रांसपोर्ट कंपनी का आयशर ट्रक कटनी से परचून का सामान लेकर ब्यौहारी क्षेत्र के टिहकी गांव की ओर जा रहा था। देर रात होने के कारण चालक ने वाहन को ग्राम पनपथा स्थित हाई स्कूल के पास सड़क किनारे खड़ा कर विश्राम करना शुरू कर दिया। इसी दौरान रात करीब ढाई बजे ट्रक में अचानक आग लग गई।

स्थानीय निवासी राकेश ताम्रकार ने बताया कि रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हाई स्कूल के पास से आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल के पहुंचने तक ट्रक में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था। उन्होंने बताया कि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन और आसपास के क्षेत्र को भी खतरा हो सकता था।

इंदवार थाना प्रभारी नन्द लाल धुर्वे ने बताया कि घटना की औपचारिक रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक कटनी से परचून सामग्री लेकर ब्यौहारी की ओर जा रहा था, जिसमें अज्ञात कारणों से आग लग गई। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस और प्रशासन आग लगने से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।

   

सम्बंधित खबर