ग्राम सभा की भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

देवरिया, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की सलेमपुर तहसील के ग्राम पिपरा मिश्र में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर अवैध कब्जा और सार्वजनिक रास्ता बंद किए जाने के विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पिपरा मिश्र की गाटा संख्या 325 और 333छ राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि के रूप में दर्ज हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों ने भूमि पर अवैध रूप से बाउंड्री बनाकर कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2024 में जिलाधिकारी के निर्देश पर लेखपाल और राजस्व निरीक्षक ने भूमि की पैमाइश की थी, जिसमें एक हिस्से पर अवैध बाउंड्री पाए जाने की पुष्टि हुई थी।

इसके बाद तहसीलदार न्यायालय में धारा 67(1) के तहत वाद विचाराधीन है। आरोप है कि अब उसी भूमि के खाली हिस्से पर दोबारा बाउंड्री निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सार्वजनिक रास्ता भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने और ग्राम सभा की भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।

एसडीएम सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जाँच करवाती हूं।

   

सम्बंधित खबर