रोडवेज बस से बाइक सवार युवक कुचला, मौत

हमीरपुर, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के बांदा मार्ग पर शुक्रवार शाम पारा रैपुरा के पास बाइक से आ रहे युवक को रोडवेज बस ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस उसे पीएचसी लाई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं चालक बस लेकर मौके से भाग निकला।

धुंधपुर निवासी बउआ निषाद ने बताया कि उसका पुत्र नरेश (28) अहमदाबाद में रहकर मजदूरी करता था। गुरुवार को वह बड़े भाई सर्वेश के बेटे के जन्मदिन में शामिल होने के लिए गांव आया था। शुक्रवार शाम को वह बाइक से बिना हेलमेट लगाए सुमेरपुर कस्बा जा रहा था। तभी शाम करीब छह बजे बांदा मार्ग पर पारा रैपुरा मोड़ पर बांदा की ओर जा रही हमीरपुर डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अचानक हुई घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी ममता, एक बेटा एवं बेटी को रोता बिलखता छोड़ गया है। वहीं चालक बस लेकर मौके से भाग निकला। चचेरे भाई मान सिंह ने बताया कि मृतक चार भाइयों में दूसरे नंबर का था।

थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। शव कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई कराई जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर