आसनसोल नगर निगम में एक बोरो चेयरमैन तथा एक पार्षद के पद छोड़ने से राजनीतिक चर्चाएं तेज
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
पश्चिम बर्दवान, 10 जून (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम में लगातार सामने आ रहे इस्तीफों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। बुधवार को वार्ड संख्या 84 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद एवं बोरो नंबर-6 के चेयरमैन डॉ. देवाशीष सरकार ने बोरो चेयरमैन पद से इस्तीफे दे दिया। बुधवार सुबह डॉ. देवाशीष सरकार नगर निगम कार्यालय पहुंचे और मेयर बिधान उपाध्याय की अनुपस्थिति में अपना इस्तीफा पत्र रिसीविंग काउंटर पर जमा कर दिया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन के पक्ष में जो जनादेश दिया है, उसका सम्मान करते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा कि संवैधानिक ढांचे के भीतर रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन जिस तरह होना चाहिए था, वह कुछ परिस्थितियों के कारण संभव नहीं हो पा रहा था।
डॉ. सरकार ने कहा कि बोरो चेयरमैन का पद अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरा होता है, लेकिन कुछ ऐसी अपरिहार्य परिस्थितियां थीं जो उनके नियंत्रण से बाहर थीं। इसी वजह से उन्होंने पद छोड़ने का फैसला लिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है और यह पूरी तरह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। उन्होंने कहा कि पार्षद के रूप में जनता की सेवा और विकास कार्य पहले की तरह जारी रहेंगे।
इस दौरान उन्होंने पिछले वर्ष सितंबर में की गई कुछ शिकायतों का उल्लेख करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) या केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों से भी जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। हालांकि उन्होंने शिकायतों की प्रकृति या किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ आरोपों पर विस्तार से कुछ भी कहने से इनकार किया।
दूसरी ओर वार्ड संख्या 58 के पार्षद संजय नूनिया ने भी अपना इस्तीफा नगर निगम आयुक्त को सौंप दिया है। अपने त्यागपत्र में उन्होंने पारिवारिक कारणों को पद छोड़ने का मुख्य आधार बताया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार हैं और लगातार चिकित्सा एवं व्यक्तिगत देखभाल की आवश्यकता के कारण वे जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण रूप से निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं।
संजय नूनिया ने नगर निगम प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनका त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए। उन्होंने अपने निर्णय को पूरी तरह पारिवारिक परिस्थितियों से प्रेरित बताया है।
सूत्रों के अनुसार उनके त्यागपत्र की प्रतिलिपि मेयर, जिला पार्टी नेतृत्व, संबंधित ब्लॉक अध्यक्ष और बोरो प्रशासन को भी भेजी गई है।
---------------

