बाराबनी के आमनला प्राथमिक विद्यालय में छत का प्लास्टर गिरने से तीन बच्चे घायल

पश्चिम बर्दवान, 10 जून (हि. स.)। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के आमनला प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय में तीसरी कक्षा की पढ़ाई चल रही थी, तभी अचानक कक्षा की छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर पड़ा। इस घटना में तीन बच्चे घायल हो गए। स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

घटना की सूचना पाकर बाराबनी के विधायक अरिजीत राय विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बातचीत कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया तथा विद्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण किया।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान विधायक अरिजीत राय ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में हुए भ्रष्टाचार का ही परिणाम है कि आज मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मरम्मत के नाम पर केवल स्कूल भवन की बाहरी रंगाई-पुताई की गई, जबकि भवन की वास्तविक स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी लापरवाही के कारण यह दुर्घटना घटी है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन इस घटना को लेकर पूरी तरह गंभीर है और मरम्मत कार्य से जुड़े ठेकेदारों तथा इंजीनियरों की भूमिका की जांच की जाएगी। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी और यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अरिजीत राय ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में भारतीय जनता पार्टी की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

विद्यालय में आगे कक्षाएं चलाने को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने बताया कि उनकी बीडीओ से बातचीत हुई है। फिलहाल जिस कक्ष में हादसा हुआ है उसे बंद कर दिया गया है। गुरुवार को इंजीनियरों की टीम विद्यालय पहुंचकर भवन की तकनीकी जांच करेगी। यदि कक्ष सुरक्षित पाया जाता है तो वहां पुनः पढ़ाई शुरू की जाएगी, अन्यथा बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए उन्हें किसी अन्य सरकारी भवन या वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।

घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन ने विद्यालय भवन की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर