आसनसोल नगर निगम में ममता बनर्जी की तस्वीर हटाने को लेकर विवाद
- DSS Admin
- May 19, 2026
आफनसोल, 19 मई (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम के मेयर कक्ष में लगी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर को लेकर मंगलवार सुबह बड़ा विवाद खड़ा हो गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और मेयर से तस्वीर हटाने की मांग की। हालांकि मेयर द्वारा इनकार किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने स्वयं ही तस्वीर को हटाकर बाहर निकाल दिया।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेयर कक्ष में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीरें लगा दीं। इस घटनाक्रम के बाद नगर निगम परिसर में राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया।
भाजपा जिला कमेटी सदस्य काकोली घोष ने मेयर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम के विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि मेयर भले ही सीधे तौर पर भ्रष्टाचार से इनकार कर रहे हों, लेकिन उनका रवैया भ्रष्टाचार को समर्थन देने वाला है। काकोली घोष ने आरोप लगाया कि जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
आसनसोल युवा मोर्चा के अध्यक्ष आदित्य कुमार मंडल ने कहा कि ममता बनर्जी की तस्वीर हटाने की मांग कई बार की गई थी, लेकिन हर बार इसे नजरअंदाज किया गया। उन्होंने दावा किया कि राज्य की राजनीतिक स्थिति बदल चुकी है और भाजपा का प्रभाव बढ़ा है, जिसके चलते कार्यकर्ताओं ने खुद पहल करते हुए यह कदम उठाया।
आदित्य कुमार मंडल ने यह भी कहा कि इस दौरान किसी प्रकार की तोड़फोड़ या सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लगातार शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम कर रही है और यह कदम भी उसी दिशा में उठाया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने काकोली घोष को हिरासत में लिया, हालांकि पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसी सेंट्रल दुर्गादास ने दक्षिण थाना प्रभारी विश्वजीत मुखर्जी के साथ नगर निगम स्थित मेयर कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उचित कार्रवाई करने और आवश्यक शिकायत दर्ज करने के निर्देश दिए।
---------------

