मासूम से दरिंदगी की आशंका, टिनशेड में मिली 09 माह की बच्ची

गोरखपुर, 20 जून (हि.स)। गुलरिहा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खेत के पास एक टिनशेड में 09 महीने की मासूम बच्ची गंभीर हालत में मिली। बच्ची घर से करीब 500 मीटर दूर बेहोशी की हालत में पड़ी थी। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और शरीर से खून बह रहा था, जिससे उसके साथ गंभीर अपराध की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बच्ची रात करीब 02 बजे अपने घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों को जब इसका पता चला तो उन्होंने रातभर आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब 6 बजे खेत की ओर जा रहे किसानों ने टिनशेड के पास बच्ची को देखा और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई थी, हालांकि बाद में उसे स्थिर बताया गया।

मां का आरोप है कि उसकी मासूम बेटी के साथ “बहुत गलत काम” किया गया है। उन्होंने बताया कि जब रात में नींद खुली तो बच्ची बिस्तर पर नहीं थी। परिवार ने हर संभव जगह तलाश की, लेकिन सुबह खेत के किनारे वह घायल अवस्था में मिली। मां ने कहा कि आरोपित अज्ञात है और उसे पहचान नहीं पाई हैं।

घटना के बाद गांव में आक्रोश और भय का माहौल है। लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाल ने बताया कि बच्ची को तुरंत इलाज के लिए भेजा गया है और मेडिकल जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी छोटी बच्ची के साथ हुई इस वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर