रक्तदान शिविर में पहुंचीं मंत्री अग्निमित्रा पाल, रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

पश्चिम बर्दवान, 28 जून (हि. स.)। आसनसोल–पुरुलिया रेलवे डेली पैसेंजर संगठन की ओर से रविवार को जिला पुस्तकालय में रक्तदान शिविर तथा आसनसोल दक्षिण की विधायक और राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल के सम्मान में एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

इस दौरान मंत्री अग्निमित्रा पाल का स्वागत गुलदस्ता और मां दुर्गा की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित रेल यात्रियों और संगठन के सदस्यों ने विभिन्न जन समस्याओं और रेल सेवाओं से जुड़े मुद्दों को मंत्री के सामने रखा।

अपने संबोधन में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि रेल यात्रियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार सक्रिय रूप से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले यात्रियों की ओर से उन्हें कई अनुरोध और शिकायतें मिली थीं, जिन्हें उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखा था।

उन्होंने कहा कि रेल मंत्रालय ने उन समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की है और इसके लिए उन्होंने रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।

मंत्री ने आगे घोषणा की कि आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लिए जल्द ही एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। इस नंबर पर क्षेत्र का कोई भी नागरिक अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकेगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा और उन्हें दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व पर भी जोर दिया गया और लोगों से सामाजिक कार्यों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की गई।

---------------

   

सम्बंधित खबर