खड़गपुर में दिनदहाड़े लूट की कोशिश, विरोध करने पर तीन राउंड फायरिंग से इलाके में दहशत

खड़गपुर, 21 जून (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर शहर के भवानीपुर इलाके में रविवार दोपहर दिनदहाड़े एक मछली व्यवसायी से लूट की कोशिश और विरोध करने पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

हिंदुस्थान समाचार से बातचीत में जानकारी दी फोन पर, मछली व्यवसायी राजकुमार सिंह दोपहर करीब एक बजकर पांच मिनट पर बाइक से अपने घर पहुंचे थे। जैसे ही वह घर के पास उतरे, उसी समय एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे दो लोगों के हाथों में हथियार थे। बदमाशों ने राजकुमार सिंह के कंधे पर टंगे बैग को छीनने की कोशिश की।

राजकुमार सिंह ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को जोरदार धक्का दिया, जिससे तीनों हमलावरो में से दो गिर पड़े तीसरा बाइक लेकर तेजी से निकला। इसी दौरान राजकुमार सिंह के साथ मौजूद उनके भाई ने एक पत्थर उठाकर एक बदमाश पर हमला कर दिया जिससे उसके सिर पर चोट लग गई। खुद को घिरता देख अपराधी घबरा गए।

भागने के दौरान बदमाशों ने लोगों में दहशत फैलाने के लिए तीन राउंड फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए।

घटना की सूचना पाकर खड़गपुर टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित राजकुमार सिंह ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर