पिपरा में 13.25 करोड़ की लागत से बन रहा नया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, विधायक रामविलास कामत ने किया निरीक्षण
- DSS Admin
- Jun 10, 2026

सुपौल, 10 जून (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड में निर्माणाधीन नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का स्थानीय विधायक सह सत्ता पक्ष के सचेतक रामविलास कामत ने निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तय समय सीमा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर अंचल अधिकारी उमा कुमारी, राजस्व अधिकारी सुभाषचंद्र चौधरी तथा निर्माण एजेंसी के जूनियर इंजीनियर मो. इरशाद मौजूद रहे।
भवन निर्माण विभाग, बिहार सरकार की ओर से 13.25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना का जिम्मा एम/एस केडी कंपनी को सौंपा गया है। निर्माण कार्य की शुरुआत 15 अप्रैल 2026 से हुई है और इसे 12 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान विधायक रामविलास कामत ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता न हो तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि नए भवन के तैयार होने से क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
अंचल अधिकारी उमा कुमारी ने बताया कि नए भवन के बन जाने के बाद प्रखंड, अंचल और राजस्व से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सरकारी कार्यों में पारदर्शिता के साथ-साथ तेजी भी आएगी।वर्तमान में संचालित प्रखंड कार्यालय का भवन काफी जर्जर स्थिति में है, जिससे कर्मचारियों और आम नागरिकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नए भवन का निर्माण क्षेत्र के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि आधुनिक सुविधाओं से लैस नए कार्यालय के शुरू होने के बाद सरकारी सेवाएं अधिक व्यवस्थित और सुलभ हो जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र मंडल, उदियानंद विश्वास, रंजीत मंडल, बुच्चन झा, अंजनी कुमार, सुनील पासवान समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने भी निर्माण कार्य को समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने की मांग की।

