अमृतसर में पुलिस मुठभेड़ के बाद विदेश में बैठे गैंगस्टर के दो गुर्गे गिरफ्तार
- Neha Gupta
- Jun 23, 2026


अमृतसर, 23 जून । अमृतसर के खलचियां क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद विदेश में बैठे गैंगस्टर अमन गोट के दो कथित गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से विदेशी निर्मित दो पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गुर्गों की पहचान हीरा और लवजीत के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से हीरा घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि लवजीत को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों खलचियां क्षेत्र के तिमोवाल नहर डिस्ट्रीब्यूटरी के पास घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपितों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर करीब चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें हीरा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने इनके कब्जे से एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल, एक जिगाना पिस्तौल तथा जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियार विदेशी निर्मित बताए जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह, डीएसपी गुरिंदरपाल सिंह नागरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह ने बताया कि गैंगस्टर अमन गोट मूल रूप से गुरदासपुर का रहने वाला है और वर्तमान में विदेश में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहा है। उसके खिलाफ करीब आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह विशेष रूप से मजीठा क्षेत्र में लोगों से रंगदारी मांगने के मामलों में संलिप्त रहा है।
---------------

