वाल्मीकिनगर हवाई अड्डा के रनवे को बढ़ाने के लिए आठ सौ मीटर का हो रहा विस्तार
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
पश्चिम चम्पारण (बगहा), 20 जून (हि.स.)। पश्चिम चंपारण जिला के वाल्मीकिनगर हवाई अड्डा के विकास एवं विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण का काम स्थानीय प्रशासन द्वारा कई दिन से चल रहा है।
शनिवार को भी जिला भू अर्जन पदाधिकारी राकेश कुमार और सीओ बगहा 2 वसीम अकरम के नेतृत्व में राजस्व कर्मचारियों और अमीनों की टीम ने हवाई अड्डे की विस्तारित भूमि सीमांकन किया है।
जद यू के वरिष्ठ नेता राकेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया है कि शुक्रवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के पदाधिकारियों की टीम आई थी, जिसने अंचल अधिकारी के साथ नक्शे के साथ टर्मिनल भवन, रास्ता और रनवे निर्माण पर चर्चा की है।
रनवे को 800 मीटर और बढ़ाने की योजना है। वर्तमान में छोटे विमान लेकिन भविष्य में बड़े विमान भी यहाँ से उड़ान भर सकें इसको ध्यान में रखकर भूमि अधिग्रहण पर काम चल रहा है।
लोकल एयरपोर्ट एडवाइजरी कमिटी के अध्यक्ष स्थानीय लोकसभा सांसद सुनील कुमार के प्रतिनिधि के रूप में जितेंद्र कुशवाहा, जदयू नेता राकेश सिंह, मो. निजामुद्दीन और औरंगजेब अंसारी इस दौरान उपस्थित रहे। शीघ्र ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एयरपोर्ट निर्माण का काम शुरु होगा।

