नामेरी टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या चार गुना बढ़ी, अवैध लकड़ी कारोबार पर भी बड़ी कार्रवाई : वन मंत्री
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
गुवाहाटी, 03 जुलाई (हि.स.)। असम के वन एवं पर्यावरण मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के मार्गदर्शन में राज्य में चल रहे वन संरक्षण प्रयासों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि नामेरी टाइगर रिजर्व में वर्ष 2022 में जहां केवल तीन बाघ थे, वहीं वर्ष 2025 के अंत तक उनकी संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
मंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस उपलब्धि की पुष्टि भारतीय वन्यजीव संस्थान ने भी की है। उन्होंने बताया कि नामेरी टाइगर रिजर्व के सैटेलाइट कोर क्षेत्र सोनाई-रूपाई वन्यजीव अभयारण्य में कई दशकों बाद दो बाघों की वापसी हुई है, जो असम में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि है।
जयंत मल्लबरुवा ने कहा कि राज्य सरकार अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ भी सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को राज्यभर में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध लकड़ी तस्करी से जुड़े 34 नेटवर्क यूनिटों पर कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि असम के वनों की सुरक्षा और संरक्षण को मजबूत बनाने के लिए अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान पूरी ताकत के साथ आगे भी जारी रहेगा।
---------------------

