गुवाहाटी, 26 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने राज्य को नशामुक्त बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि असम सरकार ड्रग्स और अन्य सामाजिक बुराइयों के पूर्ण उन्मूलन के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखेगी।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि असम सरकार और असम पुलिस ड्रग्स के खिलाफ शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) की नीति के तहत लगातार कठोर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि समाज को नष्ट करने वाली इस बुराई के खिलाफ सरकार की कार्रवाई आगे भी पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगी।
डॉ. सरमा ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और पुलिस के निरंतर प्रयासों से आने वाले समय में असम ड्रग्स और अन्य समाजविरोधी गतिविधियों से पूरी तरह मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के सुरक्षित भविष्य और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
-----------

