असम राज्यपाल से मिले ऑस्ट्रेलिया के कौंसल-जनरल, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
गुवाहाटी, 14 जून (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया के कोलकाता स्थित कौंसल-जनरल बर्नार्ड लिंच ने लोक भवन में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से शिष्टाचार भेंट की। बैठक में शिक्षा, कौशल विकास, जल प्रबंधन, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा तथा महत्वपूर्ण खनिजों सहित विभिन्न क्षेत्रों में असम और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
राज्यपाल ने कहा कि असम भारत की एक्ट ईस्ट नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और पूर्वोत्तर क्षेत्र तथा दक्षिण-पूर्व एशिया का प्रवेश द्वार बनकर उभर रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई निवेश और सहभागिता के लिए चाय, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन, कौशल विकास तथा नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को रेखांकित किया।
बैठक के दौरान लिंच ने असम की विकास पहलों की सराहना की और बताया कि माजुली में ऑस्ट्रेलियाई कौंसलावास द्वारा समर्थित एक परियोजना पर कार्य चल रहा है, जिसे यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न और आईआईटी गुवाहाटी संयुक्त रूप से संचालित कर रहे हैं। यह परियोजना नदी कटाव रोकने और जलवायु अनुकूल स्मार्ट गांवों के विकास पर केंद्रित है।
दोनों पक्षों ने भविष्य में आर्थिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर आशा व्यक्त की।
---------

