एंटी करप्शन टीम ने राजस्व निरीक्षक को किसान से पांच हजार की रिश्वत लेते पकड़ा

बलिया, 17 जून (हि.स.)। आजमगढ़ की एन्टी करप्शन टीम ने बलिया तहसील के राजस्व निरीक्षक को एक किसान से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ़्तार कर लिया। राजस्व निरीक्षक ने जमीन नापने के बदले में पीड़ित किसान से रिश्वत की मांग की थी, जिसकी शिकायत पीड़त किसान ने एन्टी करप्शन आज़मगढ़ इकाई से की थी।

हल्दी थाना के सोनवानी निवासी किसान अशोक कुमार सिंह ने शिकायत की थी। उन्होंने टीम को बताया कि राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम जो वर्तमान में तहसील सदर, जनपद बलिया में तैनात हैं, भूमि की पैमाइश करने के बदले पांच हजार रुपये मांग रहे हैं।

इस शिकायत पर बुधवार को आजमगढ़ की एन्टी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। इसके बाद टीम ने सदर तहसील के प्रथम तल स्थित कमरा नम्बर 22 में राजस्व निरीक्षक कक्ष में दबिश दिया और आरोपित राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम को पांच हजार रुपये की रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथों गिरफ़्तार कर लिया। गिरफ़्तारी और रिश्वत के नोटों की बरामदगी के बाद आरोपित को टीम अपने साथ लेकर कोतवाली पहुंची। वहीं, शिकायतकर्ता अशोक सिंह ने कहा कि तीन साल पुराने जमीन की नापी के मामले में रिश्वत मांगी गयी थी। उधर, शहर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि रिश्वत लेने वाले राजस्व निरीक्षक को पकड़कर एंटी करप्शन की टीम यहां लेकर आई थी। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे आजमगढ़ ले जाया गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर