असम भाजपा मुख्यालय में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। पूरे असम के साथ-साथ राज्य भाजपा के मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं दरंग-उदालगुड़ी लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलीप सैकिया की उपस्थिति में दिसपुर विधानसभा क्षेत्र के राजधानी मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए दिलीप सैकिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और नेतृत्व में योग आज विश्वभर में एक जनांदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, बौद्धिक, मानसिक और आध्यात्मिक शक्तियों के समन्वय का प्रभावी माध्यम है। सामूहिक योगाभ्यास मन को संतोष, शांति और पवित्रता प्रदान करता है।

वहीं, गुवाहाटी के ब्रह्मपुत्र तट पर स्थित सती राधिका उद्यान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के केंद्रीय समारोह में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि योगाभ्यास मन को शांति, शरीर को शक्ति और जीवन में सकारात्मकता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हजारों वर्ष पुरानी भारतीय सभ्यता की इस अमूल्य धरोहर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक पहचान मिलना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की 12 वर्षीय यात्रा के अवसर पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में योग एक वैश्विक जनआंदोलन में परिवर्तित हो गया है।

प्रदेश भाजपा द्वारा जारी बयान के अनुसार, असम के 23,498 गांवों में 37,383 स्थानों पर एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वयं सहायता समूहों के 32 लाख से अधिक सदस्यों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

बयान में बताया गया कि भाजपा के 39 संगठनात्मक जिलों, 395 मंडलों तथा 30 हजार से अधिक बूथों पर भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लाखों कार्यकर्ताओं ने भागीदारी निभाई।

----------

   

सम्बंधित खबर