कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाता है प्रशिक्षण : धर्मपाल सिंह
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
लखनऊ, 14 जून (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने रविवार को रायबरेली जिला प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की एक सतत प्रक्रिया है। प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, संगठन के प्रति समर्पित, अनुशासित, कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ बनाता है। उन्होंने कहा कि एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की रीति-नीति, विचार और उद्देश्य को प्रभावी ढंग से समाज के बीच पहुंचाने का कार्य करता है। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का उत्साह और समर्पण निश्चित रूप से संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि हम सभी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन को आत्मसात करते हुए राष्ट्र सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करें।
कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी में संगठन के इतिहास, विचारधारा, महापुरुषों के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जाना।
इस अवसर पर उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय व प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह समेत भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

