भारतीय सेना के साहस और शौर्य के सम्मान में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा
- Admin Admin
- May 16, 2025
पूर्वी चंपारण,16 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य को नमन करते हुए शुक्रवार को रक्सौल में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा का नेतृत्व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बेतिया सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने किया। तिरंगा यात्रा रक्सौल के मेन रोड से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों ने भी भाग लिया। यात्रा में रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष वरुण कुमार सिंह, ई. जीतेंद्र कुमार कुशवाहा समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।
यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के रावलपिंडी तक 500 किलोमीटर अंदर घुसकर आतंकियों के लॉन्चिंग पैड को ध्वस्त कर दिया।
उन्होंने कहा कि सेना ने पाकिस्तान के नौ हवाई अड्डों को क्षतिग्रस्त किया और रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय के एयरबेस को भी निशाना बनाया। परमाणु संयंत्र पर हमला करने का मौका होने के बावजूद भारतीय सेना ने नागरिकों पर दया दिखाते हुए संयम बरता। सांसद डॉ. जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई मजबूती मिली है। सरकार ने सेना की क्षमता बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह तिरंगा यात्रा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश और सेना के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम है। तिरंगा यात्रा में देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत आम नागरिक और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार



