भारत सेवाश्रम संघ का अस्पताल आयुष्मान भारत योजना से जुड़ेगा, सरकार देगी हरसंभव सहयोग : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
कोलकाता, 01 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को घोषणा की कि डायमंड हार्बर स्थित भारत सेवाश्रम संघ का अस्पताल केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री डायमंड हार्बर स्थित भारत सेवाश्रम संघ अस्पताल में अत्याधुनिक न्यूरो गहन चिकित्सा इकाई के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत सेवाश्रम संघ लंबे समय से समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है तथा राज्य सरकार उसके विकास के लिए हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान पश्चिम मेदिनीपुर में आई बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय राहत सामग्री लोगों तक पहुंचाना बेहद कठिन हो गया था। ऐसे कठिन समय में भारत सेवाश्रम संघ ने आगे बढ़कर सहयोग का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि संघ के सहयोग से लगातार 15 दिनों तक प्रतिदिन 23000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया, जो सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन और भारत सेवा आश्रम संघ के संन्यासियों से कहा कि वे राज्य सरकार से किसी भी आवश्यकता के लिए केवल अनुरोध न करें, बल्कि आदेशात्मक पत्र भेजें। सरकार उनकी हर जरूरत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सेवाश्रम संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद महाराज का पश्चिम बंगाल और समाज के प्रति योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ स्वामी प्रणवानंद महाराज की भूमिका बंगाली हिंदुओं के हितों की रक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि भारत सेवाश्रम संघ अपनी निस्वार्थ सेवा और जनकल्याणकारी कार्यों के कारण हमेशा लोगों के बीच सम्मानित रहा है। पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान संघ को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार संघ के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने में हरसंभव सहयोग देगी।

