जनकल्याण शिविर का निरीक्षण करने गोघाट पहुंचे राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
हुगली, 15 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की ‘जनकल्याण शिविर’ योजना के तहत आम लोगों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शिविरों का दौर पूरे राज्य में जारी है। इसी क्रम में सोमवार को पश्चिम बंगाल सरकार के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं श्रम विभाग के राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने गोघाट-1 प्रखंड में चल रहे जनकल्याण शिविर का दौरा किया।
गोघाट-1 बीडीओ कार्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में पहुंचकर मंत्री ने विभिन्न सेवा काउंटरों का निरीक्षण किया तथा उपस्थित अधिकारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिकायत निवारण, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन और सेवाओं के वितरण की गति सहित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शिविर में पहुंचे लोगों से भी संवाद किया और यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना तो नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी देखा कि कोई पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित तो नहीं रह गया है।
राज्य सरकार का दावा है कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हालांकि विपक्ष का आरोप है कि सूचना के अभाव, दस्तावेजी जटिलताओं और प्रशासनिक खामियों के कारण अब भी कई जरूरतमंद लोग योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हैं।
उधर, शिविर में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ देखी गई। विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ कतारों में खड़े नजर आए।
---------------

