उज्जैन में बंद कमरे में मिला युवक का खून से सना शव, पत्नी से पूछताछ
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
उज्जैन, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल ग्राम बेड़ावन रोड पर नागराज मंदिर के पीछे रहने वाले एक युवक का शव घर में से मिला। शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशानों को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
उन्हेल थाना पुलिस ने बताया कि विक्रम पुत्र अशोक लोहार निवासी ग्राम बेड़ावन रोड स्थित नागराज मंदिर के पीछे का शव मंगलवार सुबह उसके कमरे से बरामद किया गया। उसी कमरे में विक्रम की पत्नी राधिका उर्फ माधुरी और 11 वर्षीय बेटे भी मौजूद था। मकान के समीप ही उसके पिता अशोक लोहर भी रहते है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के सिर और पैरों पर गहरी चोटें मिली हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। पुलिस को संदेह है कि किसी भारी वस्तु या हथौड़े जैसे हथियार से हमला किया गया होगा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागदा सीएसपी, फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
कमरे का हाल देखकर पिता के होश उड़ेपुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह काफी देर तक विक्रम के कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो पिता अशोक लोहार उसे जगाने पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने किसी तरह उसे खोला और अंदर पहुंचे। तो वहां का दृश्य देखकर घबरा गए। कमरे में खून से सना हुआ विक्रम का शव जमीन पर पड़ा था। वहीं उसकी पत्नी और बेटा कमरे में मौजूद थे। पुलिस के अनुसार वारदात के समय घर के दूसरे हिस्से में उसके पिता सो रहे थे। रात में हुई इस घटना की भनक किसी को नहीं लगी। ऐसे में पुलिस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी संतोष चौहान ने बताया कि मामले की जांच जारी है। कमरे से युवक का शव मिला है, उसकी हत्या की गई है, शंका के आधार पर उसकी पत्नी से पूछताछ की जा रही है।
---------------

