मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने देवमाली में भगवान देवनारायण मंदिर में किए दर्शन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने देवमाली में भगवान देवनारायण मंदिर में दर्शन करते हुए।

ब्यावर/जयपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को ब्यावर जिले के देवमाली गांव में भगवान देवनारायण मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वे किसान रामलाल गुर्जर के घर पहुंचे तथा परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनके साथ चाय पी। इस दौरान उन्होंने देवमाली ग्राम पंचायत प्रशासक समिति के सदस्यों से भी बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने गांव के स्कूली बच्चों और उनके परिजनों से शिक्षा के बारे में जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता के लिए जिला कलक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बालिका शिक्षा पर जोर देकर कहा कि ड्रॉप आउट जैसी स्थिति उत्पन्न ना हो तथा नामांकन को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। साथ ही, मंदिर तक रोपवे निर्माण की संभावनाओं को तलाशने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास भी और विरासत भी के विजन के अनुरूप देवमाली गांव में विकास कार्य करवाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के मूल स्वरूप, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत तथा प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए सभी आवश्यक कार्यों को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि देवमाली गांव की विशिष्ट पहचान और परंपराओं का संरक्षण करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं की समय-समय पर जानकारी लेकर त्वरित एवं प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने नमो उपवन देवमाली में वीबी जी राम जी योजना के तहत पौधारोपण कार्य का बुजुर्ग महिला प्रेम देवी से उद्घाटन करवाया। इस दौरान उन्होंने पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, पौधारोपण के लिए स्कूली बच्चों को मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाभियान के प्रशस्ति पत्र भी सौंपे।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक विरेन्द्र सिंह कानावत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर