उत्तरकन्या बैठक में मुख्यमंत्री ने लिए बड़े फैसले- बाढ़, सड़क सुरक्षा और विकास पर सरकार सख्त
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
सिलीगुड़ी, 03 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी स्थित मिनी शाखा सचिवालय उत्तरकन्या में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक में उत्तर बंगाल के लिए कई अहम फैसले लिए गए। बैठक के बाद राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने पत्रकारों को जानकारी दी।
बैठक में मुख्य रूप से उत्तर बंगाल में बाढ़ की तैयारियों और मानसून के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की गई। सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि वे चेतावनी प्रणाली को मजबूत और आपात स्थिति में तेजी से राहत कार्य सुनिश्चित करें।
बैठक में मालदा के गाजोल में उत्तर बंगाल विकास विभाग (एनबीडीडी) का एक नया क्षेत्रीय कार्यालय खोलने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, मयनागुड़ी बस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत रूप से चर्चा हुई।
सरकार ने उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) बसों में बेहतर और उन्नत निगरानी व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर रात के समय दुर्घटनाओं के बाद लगाए गए बैरिकेड्स हटाने और बीएलआरओ कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विचार किया गया। इस बैठक को उत्तर बंगाल में आपदा प्रबंधन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

