उत्तर बंगाल पहुंचते ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का बड़ा संदेश— चहुंमुखी विकास कर चुकाएंगे उत्तर बंगाल के लोगों का ऋण
- DSS Admin
- May 20, 2026
सिलीगुड़ी, 20 मई (हि.स.)। “पहाड़ और उत्तर बंगाल ने ही सबसे पहले बीजेपी को जगह दी। बंगाल को बचाने में आप सभी की बड़ी भूमिका है। हम विकास के जरिए इस ऋण को चुकाएंगे।” बागडोगरा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर बंगाल के लोगों को यह बड़ा संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि संकल्प पत्र के सभी वादे पूरी तरह पूरे किए जाएंगे और उत्तर बंगाल के लोगों के सपनों को साकार किया जाएगा। लंबे समय से उपेक्षित इस क्षेत्र के अधिकारों को प्राथमिकता के साथ लौटाया जाएगा।
प्रशासनिक विकेंद्रीकरण की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब हर महीने राज्य मंत्रिमंडल उत्तर बंगाल में बैठक करेगा। साथ ही, उत्तर बंगाल विकास मंत्री हर सप्ताह कम से कम एक दिन उत्तरकन्या में बैठकर काम करेंगे।
सिलीगुड़ी के उत्तरकन्या में हो रही इस अहम बैठक को लेकर पूरे उत्तर बंगाल में उत्साह है। लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा करना और पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना ही अब नई सरकार का मुख्य लक्ष्य है।
इससे पहले बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया जहां मंत्री निशीथ प्रामाणिक और दार्जीलिंग के सांसद राजू बिष्ट भी मौजूद रहे।
राजनीतिक बदलाव के बाद उत्तर बंगाल में यह पहली हाई-प्रोफाइल प्रशासनिक बैठक है, जिसे लेकर मिनी शाखा सचिवालय ‘उत्तरकन्या’ को विशेष रूप से सजाया गया है।

