जौनपुर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू,सीएमओ ने रैली को हरी झंडी दिखाई
- DSS Admin
- Jul 01, 2026



जौनपुर,01 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने टीबी चिकित्सालय परिसर से संचारी शपथ के बाद अंतर्विभागीय रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली स्वास्थ्य विभाग, नगरपालिका परिषद जौनपुर, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग और सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों के सहयोग से आयोजित की गई। रैली टीबी चिकित्सालय परिसर से शुरू होकर गांधी तिराहा तक गई और फिर वापस टीबी चिकित्सालय परिसर में समाप्त हुई। कुंवर हरिवंश सिंह नर्सिंग इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल कॉलेज के स्टाफ और छात्र-छात्राएं भी रैली में शामिल हुए।
रैली के दौरान संचारी रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नारे लगाए गए। ऑडियो क्लिप के माध्यम से माइकिंग की गई, गाड़ियों पर बैनर लगाए गए और जनसमुदाय में पोस्टर व पैम्फलेट वितरित किए गए।
यह संचारी अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई तक पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, नगर विकास विभाग, सिंचाई और उद्यान विभाग के परस्पर सहयोग से चलाया जाएगा। इसमें साफ-सफाई, जल निकासी, झाड़ियों की कटाई, कूड़ा-कचरा निस्तारण, हैंडपंपों की मरम्मत जैसे कार्य शामिल होंगे। शूकर पालकों और किसानों को पशुजन्य तथा चूहे-छछूंदर से होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्कूलों में गोष्ठियां और रैलियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को भी जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत वार्डों और ग्रामों में फॉगिंग, एंटी-लार्वा रसायन स्प्रे और जन जागरूकता के कार्य भी कराए जाएंगे। दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगा, जिसके दौरान स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास विभाग की आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ, मलेरिया, फाइलेरिया और कालाजार जैसे लक्षण युक्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जांच और उपचार सुनिश्चित करेंगी।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी धर्मराज राय, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशा, कृषि विभाग से डॉ. वीपी सिंह, नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. अरुण कुमार यादव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, डीसीपीएम खुबैब रजा, अर्बन काेऑर्डिनेटर प्रवीण पाठक सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

