राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन वाहनों की टक्कर में कार के उड़े परखच्चे, महिला गम्भीर रूप से घायल

कानपुर, 06 जून (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र के कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्ला पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार को तीन वाहनों के आपस में टकराने से बड़ा हादसा हो गया। जिसमें कार सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। जबकि दो अन्य मामूली रूप से घायल हुए हैं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मूलरूप से हमीरपुर के रहने वाले सुरेश चंद्र अपनी पत्नी नीलम और बेटे सूरज के साथ कार से कानपुर आ रहे थे। शुक्ला पेट्रोल पंप के पास आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक मार दी। जिससे उनकी कार ट्रक में जा घुसी। इसी बीच पीछे से आ रहे डंपर ने भी उनकी कार को टक्कर मार दी। जिससे कार दोनों ट्रक और डंपर के बीच में फंस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

घटना के बाद हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसी बीच राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पहुंची पुलिस ने कार में फंसे पिता सुरेश और बेटे सूरज को बाहर निकाल लिया लेकिन महिला काफी देर तक कार में फंसी रही। क्रेन की सहायता से कड़ी मशक्क़त बाद उसे बाहर निकलवा कर हैलट रेफर में भर्ती करा दिया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घाटमपुर थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि घटना में महिला को काफी चोटें आईं हैं। उसे हैलट हॉस्पिटल में भर्ती कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर