बिहार की समृद्धि से ही देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा : मुख्यमंत्री
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
पटना, 01 जुलाई (हि.स.)।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार रात भारतीय स्टेट बैंक के 71 वें बैंक दिवस समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंक सीडी रेशियो को बढ़ाकर 100 प्रतिशत तक करने का प्रयास करें। बैंकर्स को हम आश्वस्त करते हैं कि सरकार ऋण का भुगतान सुनिश्चित करायेगी। बिहार की समृद्धि से ही देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा।
उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों में से 14 करोड़ बिहारवासी को आगे बढ़ाए बिना देश आगे नहीं बढ़ सकता। अगले 20 साल में बिहार इतना आगे बढ़ेगा कि अपने गौरवशाली इतिहास को पुनः प्राप्त कर लेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के संस्थागत ऋण को बढ़ावा दें तथा केसीसी का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाएं। बिहार में उद्योग का जाल बिछाना है इसमें बैंकर्स का सहयोग आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में बिहार के 1 करोड़ 87 लाख लोगों को विभिन्न सेक्टरों में सीधे रोजगार से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के अन्य देश टेक्नोलॉजी में भले आगे हो लेकिन भारत बैंकिंग सेवा में सबसे आगे है, जहां यूपीआई के माध्यम से सर्वाधिक लोग राशि ट्रांसफर कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने जन-धन खाता खुलवाकर गरीब लोगों की पहुंच बैंक तक बनाई है। भारत में बैंकिंग सेवा अब पूरी तरह से डिजिटल हो चुकी है। हमको यदि अपने जीवन को सफल बनाना है, उद्योग और स्टार्टअप को बढ़ाना है तो हमें बैंकर्स के साथ जुड़ना ही होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर से भागलपुर तक 83 किलोमीटर तथा दीघा से कोईलवर तक 39 किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव पीपीपी मोड पर अगले तीन साल के अंदर तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित है। विकास और जनकल्याण के काम के लिए जो हमें सस्ता लोन देगा हम उसी से सहयोग लेंगे क्योंकि जनता को भी हमें जवाब देना पड़ता है। हमलोग बिहार के विभिन्न हिस्सों में 12 टाउनशिप विकसित कर रहे हैं, जिसमें एक लाख करोड रुपए का सीधा निवेश होगा। बिहार के विकास में आप अपना योगदान देते रहिये। मैं पुनः आप सभी को शुभकामनायें देता हूं।
---------------

