सागर: शनीचरी पुलिस चौकी के सामने मिला हलवाई का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सागर, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में बुधवार सुबह शनीचरी पुलिस चौकी के ठीक सामने एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह-सुबह चौकी के सामने डेड बॉडी देखकर वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में मृतक की शिनाख्त कृष्णगंज वार्ड निवासी राजू अठ्या के रूप में हुई है। राजू पेशे से हलवाई था और स्थानीय स्तर पर ही काम करता था। पुलिस चौकी जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह के ठीक सामने राजू का शव मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार घटना के बाद राजू के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि दो दिन पहले राजू का कुछ स्थानीय लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें उसके साथ जमकर मारपीट की गई थी।

परिजनों का कहना है कि राजू के शरीर पर साफ तौर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जो इस बात का इशारा हैं कि उसकी हत्या की गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

दूसरी तरफ, इस पूरे मामले को लेकर पुलिस की थ्योरी परिजनों के आरोपों से काफी अलग है। पुलिस के मुताबिक, राजू को शराब पीने की गंभीर लत थी। मंगलवार की देर रात उसने डायल-112 (पुलिस हेल्पलाइन) पर कॉल करके सूचना दी थी कि उसकी मां को किसी ने गोली मार दी है। जब पुलिस ने इस सूचना को वेरिफाई किया, तो वह पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत निकली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजू अत्यधिक नशे की हालत में था और उसने नशे में खुद को भी चोटें पहुंचाई थीं। उसे इलाज के लिए अस्पताल भी ले जाया गया था।

पुलिस और परिजनों के बयानों में भारी अंतर के बीच यह मामला पूरी तरह उलझ गया है। शहर में अब इस बात को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर