हिमाचल में 31 जुलाई तक संगठन विस्तार अभियान चलाएगी कांग्रेस

शिमला, 01 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी संगठन विस्तार अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बुधवार को कहा कि यह अभियान 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। उनके अनुसार अभियान के पहले चरण में भाजपा, आम आदमी पार्टी और अन्य राजनीतिक दलों से कांग्रेस में शामिल होने के इच्छुक कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ा जाएगा, जबकि दूसरे चरण में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा।

विनोद जिंटा ने कहा कि संगठन विस्तार कार्यक्रम प्रदेश के हर पोलिंग बूथ, पंचायत, विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने के दौरान भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने के लिए 8 से 10 हजार लोगों ने रुचि दिखाई है। उनका कहना है कि ये कार्यकर्ता भाजपा की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट हैं और कांग्रेस की नीतियों तथा राहुल गांधी के नेतृत्व से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। पार्टी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे लोगों तक पहुंच बनाएगी जो कांग्रेस के साथ काम करना चाहते हैं। जिंटा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस में आने वाले लोगों को फिलहाल सदस्यता दी जाएगी। संगठन में किसी प्रकार के पद देने का कोई अभियान नहीं चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखता है और पार्टी के साथ काम करना चाहता है, उसका स्वागत किया जाएगा।

इस दौरान जिंटा ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर चंदा संग्रह से जुड़े कथित विवाद, पेपर लीक मामलों तथा युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा को इन विषयों पर जवाब देना चाहिए। जिंटा ने आरोप लगाया कि युवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर भाजपा की भूमिका सवालों के घेरे में रही है।

कांग्रेस में गुटबाजी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है और सभी नेता व कार्यकर्ता मिलकर काम कर रहे हैं। उनके अनुसार पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ेगी। वहीं भाजपा के भीतर आंतरिक मतभेद और गुटबाजी की स्थिति है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के एक पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा अब पहले जैसी कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं रह गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर