प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के खनन क्षेत्र में व्यापक सुधार : जी किशन रेड्डी
- DSS Admin
- May 19, 2026

नई दिल्ली/जयपुर, 19 मई (हि.स)।केंद्रीय खान एवं कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खनन क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है। रेड्डी यहां मुख्यमंत्री निवास पर सीएम भजनलाल शर्मा के साथ कोयला विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
जी. किशन रेड्डी ने एक्स पर जारी एक पोस्ट में लिखा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के साथ मिलकर राज्य में कोयला और खनन परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करने तथा उनकी दक्षता, निरंतरता और राजस्थान के सामाजिक-आर्थिक विकास में उनके योगदान को और अधिक बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श करने हेतु एक व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों एवं कारोबार सुगमता से महत्वपूर्ण (क्रिटिकल) खनिजों के क्षेत्र में अन्वेषण, नीलामी और उत्पादन प्रक्रियाओं में गति आई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में महत्वपूर्ण खनिजों का बड़ा भंडार उपलब्ध है। रक्षा, ऊर्जा, कृषि, सौर, वाहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण खनिजों की बढ़ती मांग को पूरा करने का सामर्थ्य राजस्थान में है।
केंद्रीय खान एवं कोयला ने कहा कि मुख्यमंत्री शर्मा की सक्रिय सोच से राजस्थान खनन क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक दोहन, निवेश अनुकूल वातावरण तथा पारदर्शी नीतियों के कारण राजस्थान खनन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार आपसी समन्वय से खनन से जुड़े सभी मुद्दों का समयबद्ध समाधान करें जिससे निवेश एवं उत्पादन में वृद्धि हो।
---------------

