महाराष्ट्र में जल संकट, 1652 गांवों में 706 टैंकरों से पानी की सप्लाई
- DSS Admin
- May 19, 2026
मुंबई, 19 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र में भीषण गर्मी के कारण कई इलाकों में जल संकट निर्माण हो गया है। राज्य सरकार ने लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न जिलों में टैंकरों से पानी की सप्लाई जारी रखी है। राज्य के 15 जिलों में 706 टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है।
राज्य सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार प्रदेश के 15 जिलों के 633 गांवों और 1652 बस्तियों में पानी की सप्लाई के लिए कुल 706 टैंकरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन टैंकरों में 33 सरकारी और 669 प्राइवेट टैंकर शामिल हैं। बढ़ते तापमान के कारण कुएं, बोरवेल और छोटे पानी के सोर्स सूख रहे हैं। ऐसे में कई ग्रामीण इलाकों में टैंकर लोगों के लिए पीने के पानी का मुख्य सोर्स बन रहे हैं।
ठाणे विभाग में 177 गांवों और बस्तियों में 155 टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही है। नासिक विभाग में 156 गांवों और 444 बस्तियों के लिए 159 टैंकर का उपयोग किया जा रहा है। पुणे विभाग में 145 गांवों और 572 बस्तियों में 131 टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही है। छत्रपति संभाजीनगर विभाग में 138 गांवों और 64 बस्तियों के लिए कुल 244 टैंकर चल रहे हैं। राज्य में सबसे ज़्यादा टैंकरों का इस्तेमाल इसी विभाग में हो रहा है। अमरावती विभाग में 17 गांवों में 17 टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही है। नागपुर विभाग में अभी किसी भी जगह टैंकरों की ज़रूरत नहीं है।
राज्य में पानी की कमी को देखते हुए संबंधित जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत और जल आपूर्ति विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों को नियमित और सुरक्षित पेयजल देने के लिए सभी ज़रूरी कदम उठाए जा रहे हैं। टैंकर सप्लाई के अलावा पानी के दूसरे सोर्स के इस्तेमाल, कुओं और जलाशयों की योजना पर ज़ोर दिया जा रहा है। आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पानी की कमी वाले इलाकों में जरूरत के हिसाब से टैंकर बढाने की य़ोजना बनाई है।
---------------

