राजधानी में मंगलवार को फिर बरसेंगे बदरा, तेज हवाओं का सिलसिला रहेगा जारी
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुसार दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। इससे यहां का मौसम सुहावना हो गया है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार, झारखंड से लेकर पश्चिम बंगाल तक आगे बढ़ चुका है।
आईएमडी के अनुसार राजधानी में मंगलवार को दोपहर और शाम के दौरान के समय तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। इस दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38-40 डिग्री सेल्सियस और 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 17 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राजधानी का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39-41 डिग्री सेल्सियस और 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवाओं की गति सामान्य रहेगी। 18 जून को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40-42 डिग्री सेल्सियस और 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून आज आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों में और आगे बढ़ गया है। अगले 6-7 दिनों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों के दौरान तेलंगाना और विदर्भ के कुछ इलाकों में लू चलने की बहुत संभावना है।
वहीं, अगले 4-5 दिनों के दौरान मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिमी भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने के आसार हैं। इन्हीं क्षेत्रों में तेज हवाएं और कहीं-कहीं पर लू चलने का भी अनुमान है।
कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और ओडिशा में अगले दो दिनों के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। वहीं, कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान गर्म रातें रहने का अनुमान है।
---------------

