तीन डीजल चोर गिरफ्तार, 1400 लीटर ईंधन बरामद

कानपुर, 19 मई (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत टैंकरों से डीजल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लगभग 1400 लीटर डीजल-पेट्रोल बरामद किया है, जबकि तीन आरोपित फरार हो गए हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त अपराध/ऑपरेशनल अंजली विश्वकर्मा ने मंगलवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सचेण्डी क्षेत्र में छापेमारी की, जहां टैंकर से डीजल चोरी की जा रही थी। मौके से एक आरोपित को प्लास्टिक कंटेनरों सहित पकड़ा गया, जबकि अन्य आरोपित भागने में सफल रहे।

इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाते हुए श्याम होटल के पीछे से दो भरे ड्रम, एक आधा भरा ड्रम तथा कई प्लास्टिक कंटेनरों में भरा और खाली डीजल/पेट्रोल बरामद किया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे टैंकरों की कुंडी खोलकर पाइप के माध्यम से डीजल निकालते थे और उसे छोटे वाहनों की मदद से एकत्र कर कम दामों में बेचते थे।गिरफ्तार आरोपितों में विवेक पाल (भौतीखेड़ा, सचेण्डी), नारायण सिंह (कपली गंगागंज, पनकी) और रोहित सोनकर (पीएसआईटी हरिजन कॉलोनी, सचेण्डी) शामिल हैं, जबकि फरार आरोपितों में विवेक पांडेय, जीतू चंदेल और गोपी चौहान शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।बरामदगी में लगभग 1400 लीटर डीजल/पेट्रोल, दो भरे ड्रम, एक आधा भरा ड्रम, 20 प्लास्टिक कंटेनर, एक सफेद ओमनी वैन, एक लोडरनुमा ऑटो, एक नीली अपाचे बाइक, डीजल निकालने की मशीन, पाइप और अन्य उपकरण शामिल हैं।मंगलवार काे सभी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

   

सम्बंधित खबर