मतदेय स्थलों के संशोधन को लेकर डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

देवरिया, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के संभाजन, संशोधन एवं समायोजन को लेकर जनपद के राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन और समयबद्ध प्रस्ताव तैयार करने पर जोर दिया गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह ने आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि भौतिक सत्यापन के बाद 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का संभाजन किया जाएगा। वहीं, मानक से कम मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का तार्किक आधार पर समीपवर्ती मतदेय स्थलों में समायोजन किया जाएगा। यदि किसी विशेष परिस्थिति में 300 से कम मतदाताओं वाले मतदेय स्थल को यथावत रखना आवश्यक होगा तो उसके स्पष्ट कारण दर्ज किए जाएंगे।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जर्जर और अस्थायी भवनों में संचालित मतदेय स्थलों को उसी मतदान क्षेत्र के स्थायी एवं सुरक्षित भवनों में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही मुख्य गांव या बस्ती से अधिक दूरी पर स्थित मतदेय स्थलों को दो किलोमीटर के दायरे में अधिक सुविधाजनक स्थान पर स्थापित करने की कार्यवाही की जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि सत्यापन के बाद यदि किसी मतदेय स्थल में संशोधन आवश्यक लगे तो 15 जुलाई तक अपने सुझाव संबंधित उप जिलाधिकारी कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय को लिखित रूप में उपलब्ध कराएं। इन सुझावों की जांच के बाद अंतिम प्रस्ताव तैयार कर भारत निर्वाचन आयोग की स्वीकृति के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को भेजा जाएगा।

------------------------

   

सम्बंधित खबर