दिल्ली की जनता ने आआपा के भ्रष्टाचार को नकार कर भाजपा पर विश्वास प्रकट किया: वीरेंद्र सचदेवा
- Admin Admin
- Feb 08, 2025

नई दिल्ली, 8 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आज आम आदमी पार्टी (आआपा) एवं अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार, आराजकता एवं अकर्मण्यता से भरे शासन को पूरी तरह नकार दिया है और विश्वास प्रकट करते हुए एक बड़ा बहमुत भाजपा को दिया है।
सचदेवा ने कहा कि लगभग 27 वर्ष के लम्बे अंतराल के बाद दिल्ली की जनता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अभूतपूर्व जन समर्थन के साथ चुन कर विकसित दिल्ली के निर्माण का अवसर दिया है जिसके लिए भाजपा दिल्ली में समाज के हर वर्ग के लोगों का आभार प्रकट करती है।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि यह चुनाव विजय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी पर जनता के विश्वास की है, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं गृह मंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व की है और सर्वोपरि हमारे कार्यकर्ताओं के परिश्रम की है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल लगातार कहते थे कि वह ईमानदार हैं और दिल्ली की जनता अपने वोट से उन्हे जेल भेजने का बदला भाजपा से लेगी।आज दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को एक बड़ी चौतरफा हार दे कर यह स्पष्ट कर दिया कि दिल्ली जनता मानती है कि केजरीवाल भ्रष्ट हैं।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता का आज का जनमत एक निर्णायक जनमत है जिसमे जनता ने दिल्ली सरकार के अकूट भ्रष्टाचार के सभी प्रमुख दोषियों अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन, सौरभ भारद्वाज एवं दुर्गेश पाठक को हरा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी